CG NEWS : एसईसीएल मुख्यालय में महाप्रबंधक समन्वय बैठक सम्पन्न, सीएमडी हरीश दुहन ने किया PPO/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल का शुभारंभ... - vedantsamachar.in

CG NEWS : एसईसीएल मुख्यालय में महाप्रबंधक समन्वय बैठक सम्पन्न, सीएमडी हरीश दुहन ने किया PPO/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल का शुभारंभ…

बिलासपुर, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में मंगलवार को महाप्रबंधक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कंपनी के उत्पादन, प्रेषण, उत्पादकता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, मानव संसाधन प्रबंधन, परियोजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न परिचालन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति, परिचालन संबंधी चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने की। इस दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं मुख्यालय के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में वर्तमान मानसून को देखते हुए सभी परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षित एवं निर्बाध खनन गतिविधियां सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपायों, आवश्यक व्यवस्थाओं और मानसून तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा पर्यावरण स्वीकृति (ईसी), वन स्वीकृति (एफसी), कोयला गुणवत्ता प्रबंधन तथा पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) से जुड़े कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने PPO/जीवन प्रमाण पत्र (Jeevan Pramaan Patra) पोर्टल का शुभारंभ किया। यह डिजिटल पोर्टल सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) और जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराएगा। पोर्टल के माध्यम से पीपीओ दस्तावेजों का ऑनलाइन वितरण, जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करने की सुविधा तथा केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली उपलब्ध होगी, जिससे पेंशन संबंधी सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यान्वयन ही एसईसीएल की निरंतर प्रगति का आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति तथा मानसून के दौरान निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान सभी क्षेत्रों की प्रगति, उत्पादन, सुरक्षा, गुणवत्ता प्रबंधन, कैपेक्स तथा विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया।