राजनांदगांव, 4 अगस्त। थाना लालबाग पुलिस ने चाकू की नोक पर ऑटो चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं एक्टिवा वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
थाना लालबाग में 3 अगस्त 2026 को गांधी चौक, दीवानपारा निवासी राजेन्द्र कुमार साहू (51) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ऑटो क्रमांक CG-08-4330 से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य करता है। दोपहर करीब 2.10 बजे पेण्ड्री स्थित मंदिर के पास लघुशंका के लिए रुका था। इसी दौरान लाल रंग की एक्टिवा में सवार चार युवकों ने उसे घेर लिया। एक युवक ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य ने उसकी जेब से 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिए और फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दिगंबर साहू (29), अजय ठाकुर (19), सुजल साहू (27) तथा धनश्याम खरे उर्फ धनशु (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, एक्टिवा क्रमांक CG-08-AH-8443, 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा लूटे गए सभी दस्तावेज बरामद कर जब्त कर लिए। चाकू के इस्तेमाल के कारण प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 311 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट तथा मारपीट के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव, अश्वनी यदु, प्रधान आरक्षक रोहित पड़ौती, आरक्षक राकेश धुर्वे एवं कमल किशोर यादव की विशेष भूमिका रही।

