कोरबा में हाथी नियंत्रण केंद्र चोटिया पहुंचे अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा, मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए दिए सख्त निर्देश - vedantsamachar.in

कोरबा में हाथी नियंत्रण केंद्र चोटिया पहुंचे अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा, मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए दिए सख्त निर्देश

कोरबा, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा ने गुरुवार को कोरबा जिले के हाथी नियंत्रण केंद्र चोटिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाथियों की गतिविधियों, निगरानी व्यवस्था और मानव-हाथी संघर्ष की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सतर्क निगरानी, त्वरित सूचना तंत्र और ग्रामीणों को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ क्षेत्र में गश्त भी की। उन्होंने हाथियों के वर्तमान विचरण क्षेत्र, पारंपरिक आवाजाही के मार्ग, संवेदनशील इलाकों और निगरानी प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए हाथियों की लगातार मॉनिटरिंग, समय पर सूचना का आदान-प्रदान और ग्रामीणों को तत्काल सतर्क करना सबसे महत्वपूर्ण है।

मनोज कुमार पिंगुवा ने अधिकारियों से कहा कि वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और हाथी मित्र दल के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से ही मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह दल वन विभाग और ग्रामीणों के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाथी मित्र दल की सक्रियता और समय पर दी गई सूचनाएं कई संभावित दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने दल के सदस्यों से पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

रात्रिकालीन निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल के सदस्यों को टॉर्च और पानी की बोतलों का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि रात के समय गश्त करने वाले दलों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है ताकि वे सुरक्षित और प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।

निरीक्षण के दौरान कटघोरा वनमंडल अधिकारी कुमार निशांत सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपर मुख्य सचिव को जिले में हाथियों की गतिविधियों, निगरानी व्यवस्था तथा मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए संचालित विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

कोरबा जिले में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए वन विभाग लगातार निगरानी, जनजागरूकता और त्वरित सूचना प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। अपर मुख्य सचिव के इस दौरे से इन प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।