प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन - vedantsamachar.in

प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन

खैरागढ़ 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं वाणिज्य तथा आबकारी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने खैरागढ़ में किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तत्वावधान में देशभर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

प्रतियोगिता का आयोजन पांच श्रेणियों में किया जा रहा है। इसमें कक्षा पहली से पांचवीं, कक्षा छठी से आठवीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं, महाविद्यालय स्तर तथा स्वतंत्र (ओपन) श्रेणी शामिल हैं। प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन एवं निःशुल्क है, जिसमें प्रतिभागी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को तत्काल ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता 15 जुलाई 2026 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेषर साहू, भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, आयाश सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, राजेश मेहता, गोरेलाल वर्मा, महेंद्र वर्मा, रामा साहू, भावेश कोचर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।