बिलासपुर, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर जिला पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना-चौकी, पुलिस लाइन और पुलिस आवासीय परिसरों में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 2000 से अधिक पौधे लगाए गए। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना रहा।
जिला पुलिस द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
निलयम पुलिस आवासीय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे (यातायात), नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार (सिविल लाइन), नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव (कोतवाली), डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान दे। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प भी दोहराया। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, ताकि भविष्य में यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक परिणाम दे सके।
जिला पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल भी करे। इससे पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी और हरित भारत के निर्माण का लक्ष्य तेजी से आगे बढ़ेगा।

