- सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक का सर्वसम्मत निर्णय, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ कार्य संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
जांजगीर-चांपा, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिला पंचायत ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की पहल पर जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में सभी बैठकों के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक की पानी की बोतलों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
जिला पंचायत सामान्य सभा में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया। अब जिला पंचायत की सामान्य सभा सहित अन्य बैठकों में पैक्ड प्लास्टिक पानी की बोतलों के स्थान पर स्वच्छ पेयजल की पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था की जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं। शासकीय संस्थानों द्वारा प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था अपनाने से समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा और लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित होंगे।उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की यह पहल स्वच्छता, हरित वातावरण और जिम्मेदार कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सामान्य सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग वर्तमान समय की आवश्यकता है। त्रिस्तरीय पंचायत संस्थाओं से इसकी शुरुआत होना एक अनुकरणीय पहल है। सदस्यों ने जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों, संस्थानों और आम नागरिकों से भी प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की।
जिला पंचायत का यह निर्णय जिले में स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।

