कोरबा, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा ने गुरुवार को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों, लंबित प्रकरणों और विभिन्न मॉड्यूल में डाटा एंट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस से जुड़े कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सिस्टम में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी पूरी तरह सही, त्रुटिरहित और निर्धारित समय सीमा के भीतर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से अपराधों की जांच प्रक्रिया को मजबूती मिलती है और न्यायालयीन कार्रवाई के साथ-साथ अपराध संबंधी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता भी बनी रहती है।
समीक्षा बैठक के दौरान फॉर्म एंट्री, MedLEaPR, VCNB, ई-साक्ष्य, अंतिम प्रतिवेदन (Final Report), मालखाना एंट्री, e-Sign FIR/Chargesheet सहित सीसीटीएनएस के विभिन्न मॉड्यूलों की स्थिति की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित प्रविष्टियों का जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीसीटीएनएस में दर्ज प्रत्येक विवरण में प्रार्थी, आरोपी और पीड़ित के नाम, पिता या पति का नाम, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। गलत या अधूरी जानकारी भविष्य में तकनीकी और न्यायिक प्रक्रिया में परेशानी पैदा कर सकती है, इसलिए हर स्तर पर डाटा की शुद्धता बनाए रखना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीएनएस के सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करते हुए शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री सुनिश्चित करें। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और प्रत्येक मॉड्यूल में बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। समयबद्ध डाटा एंट्री, लंबित कार्यों के प्रभावी निराकरण और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के लिए कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
कोरबा पुलिस की इस समीक्षा बैठक का उद्देश्य सीसीटीएनएस प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना, पुलिस रिकॉर्ड की गुणवत्ता सुधारना और अपराध अनुसंधान प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत करना है।

