रायपुर में लंबित ई-चालान निपटाने का मौका, नेशनल लोक अदालत में होगा निराकरण - vedantsamachar.in

रायपुर में लंबित ई-चालान निपटाने का मौका, नेशनल लोक अदालत में होगा निराकरण

रायपुर, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने वाहन चालकों को लंबित ई-चालानों के निराकरण के लिए विशेष अवसर दिया है। आगामी नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में लंबित ई-चालानों का समाधान किया जाएगा। यह सुविधा उन वाहन चालकों के लिए उपलब्ध होगी, जिनके ई-चालान 23 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच जारी हुए हैं और वर्तमान में न्यायालय में लंबित हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, लंबित ई-चालानों का निराकरण कराने के लिए वाहन चालकों को 8 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए संबंधित वाहन चालक कार्यालयीन समय में अपने नजदीकी यातायात थाना या यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी रायपुर पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में बड़ी संख्या में लंबित ई-चालानों का निराकरण किया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना पंजीयन कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचें।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोक अदालत के बाद भी जिन वाहन चालकों द्वारा अपने लंबित ई-चालानों का निराकरण नहीं कराया जाएगा, उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें वाहन जप्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे लंबित ई-चालानों का समय पर समाधान कर यातायात नियमों के पालन में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।