Janjgir Champa: 10 माह बाद डीजल चोरी का फरार ड्राइवर पंजाब से गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

Janjgir Champa: 10 माह बाद डीजल चोरी का फरार ड्राइवर पंजाब से गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले की चांपा पुलिस ने मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी के चर्चित मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

मामले की शुरुआत 3 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब आर्शीवाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी, निवासी बिल्हा ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के दो ट्रक क्रमांक CG-10-BY-9976 और CG-10-BS-9435 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन दोनों वाहनों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली, लेकिन दोनों चालकों के मोबाइल फोन बंद थे, जिससे संदेह गहरा गया।

30 सितंबर 2025 को कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तो दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे मिले। जांच में पता चला कि ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी कर लिया गया था। इतना ही नहीं, ट्रकों के टायर भी बदल दिए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 451/2025 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रंजीत सिंह पंजाब के अमृतसर में मौजूद है। इसके बाद चांपा पुलिस की टीम पंजाब रवाना हुई और आरोपी को वहां से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जांजगीर-चांपा लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस मामले का दूसरा आरोपी राजू सिंह (26 वर्ष) निवासी चांविंदा देवी, थाना मंजिठा, जिला अमृतसर (पंजाब) की मृत्यु हो चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर तथा आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।