कोरबा 22 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री अरूण साव 23 जुलाई गुरूवार को कोरबा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा जिले के 73 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृहप्रवेश करायेंगे।
मुख्य कार्यक्रम दादरखुर्द प्रधानमंत्री आवास योजना आवासगृह परिसर में उप मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में अपरान्ह 3.45 बजे आयोजित किया गया है, कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के द्वारा की जायेगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ.पवन कुमार सिंह, निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर के साथ ही निगम की मेयर इन काउंसिल के सदस्य व पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसके पूर्व अतिथियों की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री श्री साव के करकमलों द्वारा दोपहर 1.15 बजे सुनालिया पुल के समीप अग्रसेन तिराहा मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण एवं डाॅ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी परिसर का भूमिपूजन,3.15 बजे घंटाघर में राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण किया जायेगा , तत्पश्चात मुख्य कार्यक्रम अपरान्ह 3.45 बजे दादरखुर्द प्रधानमंत्री आवास योजना आवासगृह परिसर में सम्पन्न किया जायेगा।

