कोरबा नो एंट्री हादसा: एसपी सिद्धार्थ तिवारी की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में लापरवाही पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित - vedantsamachar.in

कोरबा नो एंट्री हादसा: एसपी सिद्धार्थ तिवारी की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में लापरवाही पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित

कोरबा, 03 जुलाई (वेदांत समाचार)। सीएसईबी चौक पर नो एंट्री के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए यातायात शाखा में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है। एसपी ने मामले की विस्तृत जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक क्रमांक 352 शशिधर जायसवाल एवं आरक्षक क्रमांक 738 टंकेश्वर पटेल को कर्तव्य पालन में प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का दोषी पाए जाने पर निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, कोरबा रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार हादसे वाले दिन दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सीएसईबी चौक पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाई गई थी। इसी दौरान कटघोरा की ओर से राखड़ से भरी 14 चक्का ट्रक नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर गई। ड्यूटी पर मौजूद जवानों की जिम्मेदारी ट्रक को रोककर नो एंट्री क्षेत्र से बाहर निकालने और नियमानुसार कार्रवाई करने की थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

बताया गया कि ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया और सीएसईबी चौक पहुंचने के बाद लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था।

हादसे के बाद उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) से कराई गई प्रारंभिक जांच में दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान लापरवाही प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। इसके साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।