बलौदाबाजार के देवरी गांव को 44 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण - vedantsamachar.in

बलौदाबाजार के देवरी गांव को 44 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण

बलौदाबाजार, 03 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने के लिए लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने शुक्रवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में लगभग 44 लाख रुपये की लागत वाले तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और समृद्धि का नया दौर शुरू हुआ है।

राजस्व मंत्री ने सबसे पहले 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डैम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस चेक डैम के निर्माण से क्षेत्र में भू-जल स्तर बेहतर होगा। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा, जिससे सिंचाई सुविधाएं मजबूत होंगी और कृषि उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।

इसके अलावा मंत्री ने 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां महिलाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने का बेहतर अवसर मिलेगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक शेड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इस शेड के निर्माण से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे सभी क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और यही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है। जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास से जुड़े ऐसे कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों पर खुशी जताई और सरकार के प्रयासों की सराहना की।