नई दिल्ली,03 जुलाई : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ‘राउंड ऑफ 32’ में ऑस्ट्रिया के खिलाफ मिली 3-0 की एकतरफा जीत में स्पेन ने न सिर्फ प्री-क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया, बल्कि एक ऐतिहासिक कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया. स्पेन के 29 साल के गोलकीपर उनाई सिमोन ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे लंबे समय तक कोई गोल न खाने का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस टूर्नामेंट में लगातार चौथी ‘क्लीन शीट’ दर्ज करने के साथ ही एथलेटिक बिलबाओ के इस भरोसेमंद गोलकीपर ने फुटबॉल के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है.
उनाई सिमोन का 519 मिनटों का अभेद्य किला
उनाई सिमोन पिछले दो वर्ल्ड कप को मिलाकर लगातार 519 मिनटों से मैदान पर अजेय हैं, यानी इस दौरान कोई भी विरोधी खिलाड़ी उनके खिलाफ गोल नहीं दाग सका है. इसी के साथ सिमोन ने इटली के महान गोलकीपर वाल्टर जेंगा के 1990 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. जेंगा ने अपने घरेलू वर्ल्ड कप के दौरान लगातार 517 मिनट तक कोई गोल नहीं खाया था और लगातार पांच क्लीन शीट रखी थीं.
वहीं, ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच के दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में सिमोन ने स्पेन के ही महानतम गोलकीपरों में शुमार इकर कैसिआस के रिकॉर्ड को भी पार कर लिया. कैसिआस ने 2010 और 2014 वर्ल्ड कप के दौरान स्पेन के लिए सबसे लंबी क्लीन शीट का रिकॉर्ड बनाया था. दिलचस्प बात यह है कि ऑस्ट्रिया की टीम इस मैच में स्पेन के गोल पोस्ट पर एक भी ‘शॉट ऑन टारगेट’ नहीं लगा सकी, जिसके चलते सिमोन को पूरे मैच में एक भी सेव करने की जरूरत नहीं पड़ी. इस पूरे टूर्नामेंट में स्पेन के खिलाफ विरोधी टीमें सिर्फ 4 सटीक शॉट ही लगा पाई हैं.
उनाई सिमोन के चलते बाहर बैठे हैं दुनिया के बेस्ट कीपर
उनाई सिमोन शायद अपनी टीम के सबसे चमकते हुए सितारे न हों, लेकिन स्पेन की मजबूत डिफेंस के पीछे वो एक अभेद्य दीवार साबित हुए हैं. स्पेन की टीम में गोलकीपिंग के लिए इतनी तगड़ी लड़ाई है कि यूरोप के दो सबसे बड़े क्लबों के विजेता कीपरों को बेंच पर बैठना पड़ रहा है. आर्सेनल के लिए प्रीमियर लीग में लगातार तीन गोल्डन ग्लव अवॉर्ड जीतने वाले और इस साल गनर्स को चैंपियन बनाने वाले राया स्पेन की टीम में रिजर्व की भूमिका में हैं. वहीं, बार्सिलोना के लिए खेलने वाले दुनिया के सबसे बेहतरीन युवा गोलकीपरों में से एक गार्सिया भी इस वर्ल्ड कप में सिर्फ एक फैन की तरह बेंच पर समय बिता रहे है. इस दिग्गजों के बावजूद, कोच लुइस डी ला फुएंते ने सिमोन पर अपना पूरा भरोसा बनाए रखा है.

