कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पीएम श्री सेजस विद्यालय तिलकेजा का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश - vedantsamachar.in

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पीएम श्री सेजस विद्यालय तिलकेजा का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

कोरबा, 03 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को करतला विकासखंड के ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री सेजस विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान छात्राओं ने तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले विद्यालय की कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों तथा अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषय, परीक्षा की तैयारी, पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम और विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि विद्यालय में किन सुविधाओं की आवश्यकता है और विद्यालय को आधुनिक एवं बेहतर बनाने के लिए उनके क्या सुझाव हैं। विद्यार्थियों ने भी अपनी आवश्यकताओं और सुझावों को साझा किया।

संवाद के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य और करियर योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम उच्च शिक्षा और करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए समय का सही उपयोग करते हुए पूरी एकाग्रता के साथ तैयारी करें और उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने का प्रयास करें।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से संचालित आईआईटी और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इच्छुक विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों के साथ भी बैठक कर शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कंप्यूटर लैब के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अतिथि शिक्षक की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

इसके बाद कलेक्टर ने विद्यालय परिसर के पास निर्माणाधीन पीसीबी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

विद्यालय भ्रमण के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने परिसर में रातरानी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।