Eco-Friendly Leather: अब फलों के छिलकों से बनेगा लेदर, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाई नई राह - vedantsamachar.in

Eco-Friendly Leather: अब फलों के छिलकों से बनेगा लेदर, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाई नई राह

नई दिल्ली। जो फलों के छिलके और जैविक कचरा अब तक बेकार समझकर फेंक दिया जाता था, वही अब पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ फैशन (Sustainable Fashion) की दिशा में नई उम्मीद बनकर सामने आया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज के छात्रों ने ‘प्रोजेक्ट स्वबुन’ के तहत फलों के छिलकों और जैविक अपशिष्ट से प्लांट-बेस्ड इको-फ्रेंडली लेदर (Ethical Leather) तैयार करने की अभिनव पहल शुरू की है। यह पहल कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस परियोजना का उद्देश्य रोजाना निकलने वाले फलों के जैविक कचरे को उपयोगी उत्पाद में बदलना है, ताकि लैंडफिल में जाने वाले कचरे की मात्रा कम हो और प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ने वाला दबाव भी घटाया जा सके। साथ ही पशुओं की खाल से बनने वाले पारंपरिक लेदर का पर्यावरण अनुकूल विकल्प भी उपलब्ध कराया जा सके।

इस प्रोजेक्ट के तहत केले, संतरे और आम के छिलकों के अलावा फलों के गूदे तथा जूस की दुकानों और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स से निकलने वाले फल अपशिष्ट का उपयोग किया जा रहा है। सबसे पहले इस जैविक कचरे को एकत्र कर उसकी सफाई की जाती है। इसके बाद उपयोगी रेशों और जैविक तत्वों को अलग कर विशेष वैज्ञानिक प्रक्रिया के माध्यम से बायो-मटेरियल में परिवर्तित किया जाता है। इसी बायो-मटेरियल से प्लांट-बेस्ड लेदर तैयार किया जाता है, जिसका उपयोग बैग, वॉलेट, फुटवियर, बेल्ट और अन्य फैशन उत्पादों के निर्माण में किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्लांट-बेस्ड लेदर का उत्पादन पारंपरिक लेदर की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल है। इससे कार्बन उत्सर्जन कम होता है, पशु संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और जैविक कचरे का बेहतर प्रबंधन संभव हो पाता है। इसके अलावा यह टिकाऊ फैशन (Sustainable Fashion) को भी नई दिशा देता है।

‘प्रोजेक्ट स्वबुन’ युवाओं की नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। यह पहल न केवल कचरे को संसाधन में बदलने की सोच को बढ़ावा देती है, बल्कि भविष्य में पर्यावरण संरक्षण और हरित अर्थव्यवस्था (Green Economy) के लिए भी नई संभावनाएं खोलती है।