WI vs SL Test: आमिर जांगू ने ठोका दोहरा शतक, रोस्टन चेज के साथ मिलकर बनाए इतने रन की टूट गया वर्ल्ड रिकॉर्ड - vedantsamachar.in

WI vs SL Test: आमिर जांगू ने ठोका दोहरा शतक, रोस्टन चेज के साथ मिलकर बनाए इतने रन की टूट गया वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली,28 जून : Amir Jangoo And Roston Chase vs Sri Lanka: वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया. श्रीलंका के पहली पारी के 308 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 626 रनों के विशाल स्कोर पर घोषित कर दी. मेजबान वेस्टइंडीज की इस बड़ी बढ़त और पहाड़ जैसे स्कोर के असली हीरो युवा बल्लेबाज आमिर जांगू और कप्तान रोस्टन चेज रहे. इन दोनों ने मिलकर मैदान पर ऐसा कहर बरपाया कि श्रीलंकाई गेंदबाज पूरे दिन विकेट के लिए तरसते नजर आए.

करियर के दूसरे ही टेस्ट में जांगू का धमाका
शाई होप के चोटिल होने के कारण टीम में अचानक मौका पाने वाले 28 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज आमिर जांगू ने इस मौके का ऐसा फायदा उठाया जिसे क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. अपने टेस्ट करियर का सिर्फ दूसरा मुकाबला खेल रहे जांगू ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए शानदार दोहरा शतक जड़ दिया. उन्होंने 373 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 233 रनों की ऐतिहासिक मैराथन पारी खेली. इसके साथ ही वे ब्रायन लारा और क्रिस गेल जैसे महान दिग्गजों के बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में दोहरा शतक बनाने वाले तीसरे वेस्टइंडीज क्रिकेटर बन गए.

रोस्टन चेज दोहरे शतक से चूके
एक समय वेस्टइंडीज की टीम अपने 5 विकेट सिर्फ 168 रन पर खो दिए थे. वहां से कप्तान रोस्टन चेज ने आमिर जांगू के साथ मिलकर पारी को न सिर्फ संभाला, बल्कि टीम को एक अजेय बढ़त दिला दी. कप्तान चेज ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 7 साल बाद अपना छठा टेस्ट शतक लगाया. हालांकि, वो अपने पहले दोहरे शतक से सिर्फ 6 रन से चूक गए और 194 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद वेस्टइंडीज ने पारी घोषित की.

छठे विकेट के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड पार्टनरशिप
आमिर जांगू और रोस्टन चेज की जोड़ी ने मैदान पर पैर जमाते हुए श्रीलंका को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 401 रनों की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की. यह वेस्टइंडीज क्रिकेट इतिहास में टेस्ट क्रिकेट की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले साल 1958 में गैरी सोबर्स और कॉनराड हंट ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 446 रनों की ऐतिहासिक पार्टनरशिप की थी. वहीं, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ये छठे विकेट के लिए अभी तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. इन्होंने 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो की 399 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा है.