CG NEWS : मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत.... - vedantsamachar.in

CG NEWS : मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत….

जांजगीर-चांपा के भारतमाला मार्ग पर दर्दनाक हादसा, CCTV फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश

जांजगीर-चांपा,28 जून (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाले भारतमाला मार्ग पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन तीनों को कुचलते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार यादव (52) तथा संतु यादव (70) के रूप में हुई है। तीनों रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। घर से करीब दो किलोमीटर दूर भारतमाला सड़क पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनके शव सड़क पर अलग-अलग दूरी पर पड़े मिले।

जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बलौदा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए।

मृतक दिलहरण दास वैष्णव सेवा सहकारी समिति से शाखा प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि केदार यादव और संतु यादव खेती-किसानी से जुड़े हुए थे। तीनों आपस में मित्र थे और प्रतिदिन साथ में मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते थे।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान की जा सके। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि तीनों व्यक्ति रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।