महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में तीन आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी, 1.5 करोड़ के प्रश्नपत्र बरामद - vedantsamachar.in

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में तीन आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी, 1.5 करोड़ के प्रश्नपत्र बरामद

ठाणे,28 जून। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में तीन आरोपियों को रविवार को भिवंडी कोर्ट ने 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परीक्षा के चारों सेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कोर्ट ने दी पुलिस कस्टडी

भिवंडी कोर्ट में पेश किए गए तीनों आरोपियों को 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। बचाव पक्ष के वकील शैलेश गायकवाड़ ने कोर्ट के फैसले की पुष्टि की। पुलिस ने गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिहार के राजू शाव, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को गिरफ्तार किया था।

पुलिस की जांच में खुलासा

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने पेपर को 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी की थी। जांच में इस संगठित गिरोह के तार बिहार, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

पेपर लीक की आशंका के बाद स्थगित हुई परीक्षा

28 जून को होने वाली TET परीक्षा पेपर लीक की आशंका के चलते स्थगित कर दी गई थी। पुलिस आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप, बैंक लेनदेन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है।