कोरबा, 28 जून (वेदांत समाचार)। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न शिक्षकीय पदों पर पूर्णतः अंशकालिक संविदा आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों के लिए 3 जुलाई (शुक्रवार) को विद्यालय परिसर में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राथमिक शिक्षक (PRT), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT- अंग्रेजी) तथा स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT- अंग्रेजी) के पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। चयन पूरी तरह संविदा एवं आवश्यकता आधारित होगा।
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. साहू ने बताया कि प्रत्येक पद के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता, आवेदन पत्र का प्रारूप, मानदेय तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और विद्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थी आवेदन पत्र विद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं या सीधे विद्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
सभी उम्मीदवारों को आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर प्रत्येक सेमेस्टर अथवा वर्ष की अंकसूची, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की स्वयं सत्यापित प्रतियां तथा मूल दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार में शामिल होना अनिवार्य होगा।
विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में शामिल होने के साथ-साथ सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के ‘संविदा साथी’ (Samvida Sathi) ऑनलाइन पोर्टल पर संबंधित पद के लिए अलग-अलग पंजीयन करना भी अनिवार्य होगा। बिना ऑनलाइन पंजीयन के अभ्यर्थियों को भविष्य की संविदा प्रक्रिया में कठिनाई हो सकती है।
विद्यालय प्रबंधन ने पात्र अभ्यर्थियों से समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

