20 दिन से लापता युवती का जंगल में मिला शव, पास से जहर की शीशी बरामद, जांच में जुटी पुलिस - vedantsamachar.in

20 दिन से लापता युवती का जंगल में मिला शव, पास से जहर की शीशी बरामद, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा, 28 जून (वेदांत समाचार)। बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में रविवार को एक 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण पुलिस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार नवाडीह के सरपंच प्रतिनिधि राय सिंह कंवर ने जंगल में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान सपना धनुवार (20 वर्ष), पिता हरिराम धनुवार के रूप में की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सपना की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज थी और वह पिछले लगभग 20 दिनों से लापता थी, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से जहर की एक शीशी भी मिली है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। हालांकि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल बालको पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।