बीकानेर,15 जून : राजस्थान के बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आमने-सामने टक्कर से हुआ भीषण हादसा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हुई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोग बाहर निकल ही नहीं पाए और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। दर्शन कर लौट रहा था परिवार श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार से थे। यह परिवार बीकानेर जिले के मुकाम स्थित बिश्नोई समाज के गुरु जम्भेश्वर भगवान के दर्शन कर अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
6 लोगों की मौत इस दर्दनाक हादसे में तीन पुरुष, एक महिला, एक बच्ची और एक बच्चे की मौत हो गई। पहले पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हुई पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ओमप्रकाश (50), उनकी पत्नी सोरमा देवी (45), उनकी 3 वर्षीय बेटी प्रमिला, रोनित (4), यशवी (10) और खुशी (8) के रूप में हुई है। यह सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।
पुलिस जांच में जुटी हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और जाम को हटवाया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

