नई दिल्ली,15 जून : India A vs Sri Lanka A: श्रीलंका ए के खिलाफ खेले ट्राई सीरीज के चौथे मैच में वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया ए की ओर से खेलते हुए अपने 39 गेंदों के इंतजार को खत्म कर लिया है. हालांकि, उस इंतजार के थमने के कुछ देर बाद ही उनकी पारी का भी अंत हो गया. इंडिया ए और श्रीलंका ए की टीमें ट्राई सीरीज में दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. इसमें भी वैभव सूर्यवंशी को जल्दी आउट करने में श्रीलंका ए के सहान अराछिगे का हाथ रहा है, सहान ने इससे पहले दोनों टीमों के बीच हुई पहली टक्कर में भी वैभव के विकेट में अपना योगदान दिया था.
वैभव के विकेट में कैसे हर बार सहान अराछिगे का हाथ?
ट्राई सीरीज में श्रीलंका ए के साथ हुई दूसरी भिड़ंत में वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. इस मैच में उनका विकेट श्रीलंका ए के कप्तान और दाएं हाथ के स्पिनर सहान अराछिगे ने लिया. उन्होंने वैभव को वानुजा सहान के हाथों कैच कराया. इससे पहले इंडिया ए और श्रीलंका ए की पहली टक्कर के दौरान भी वैभव के विकेट में अराछिगे का हाथ था. तब उन्होंने शिराज की गेंद पर वैभव का कैच पकड़ा था. मतलब, पहली बार अराछिगे ने कैच पकड़ा और दूसरी बार खुद की गेंद पर उन्हें कैच आउट कराया.
आउट होने से पहले वैभव ने खत्म किया 39 गेंदों का इंतजार
श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरी भिड़ंत के दौरान ही वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई जमीन पर छक्के के लिए चले आ रहे 39 गेंदों के अपने इंतजार को भी खत्म किया. उन्होंने चामिका गुणासेकरा की गेंद पर इंडिया ए की पारी के दूसरे ओवर में छक्का लगाकर अपने इंतजार को खत्म किया. इससे पहले श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेले ट्राई सीरीज के पहले दो मैचों में वैभव ने कुल मिलाकर 34 गेंदें खेलने के बाद एक भी सिक्स नहीं मारा था. 15 जून को श्रीलंका ए के खिलाफ उन्होंने अपनी इनिंग की पहली 5 गेंदों को खेलने के बाद छठी गेंद पर पहला छक्का लगाया और इंतजार को खत्म किया.

