नई दिल्ली,15 जून : West Indies beat Sri Lanka: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की T20 सीरीज जीत ली है. वेस्टइंडीज ने श्रीलंका से 2-1 से सीरीज जीती. सीरीज का आखिरी मुकाबला भारतीय समयानुसार 15 जून की सुबह किंग्सटन में खेला गया, जिसमें श्रीलंका को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. तीसरे T20 में श्रीलंका का खेल बिगाड़ने में वेस्टइंडीज के 3 खिलाड़ियों का बड़ा रोल रहा, जिनके नाम शेमार जोसेफ, शरफेन रदरफोर्ड और जेसन होल्डर हैं.
शेमार जोसेफ ने किया T20I करियर का बेस्ट प्रदर्शन
सबसे पहले बात शेमार जोसेफ की, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20 में 5 विकेट अकेले चटकाए. उन्होंने अपने T20 इंटरनेशनल करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट चटकाए. इससे पहले T20 इंटरनेशनल में उनका बेस्ट प्रदर्शन 30 रन पर 4 विकेट लेने का था. 2023 में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी छोड़कर अपने क्रिकेट के पैशन को जीने आए शेमार को श्रीलंका के खिलाफ उनके करियर के बेस्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
रदरफोर्ड और होल्डर ने बल्ले से मैच किया खत्म
तीसरे T20 में श्रीलंका का काम बिगाड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी रहे शरफेन रदरफोर्ड, जिन्होंने 40 गेंदों पर 4 छक्कों के साथ नाबाद 54 रन बनाए और एक छोर तब तक संभाले रखा, जब तक टीम जीत ना गई. वैसे श्रीलंका के खिलाफ मैच खत्म किया उस खिलाड़ी ने जिसने आते ही ताबड़तोड़ 420 की स्ट्राइक रेट से रन ठोके. हम बात कर रहे हैं जेसन होल्डर की जो श्रीलंका का खेल बिगाड़ने वाले तीसरे कैरेबियाई खिलाड़ी रहे. जेसन होल्डर ने सिर्फ 5 गेंदों में ही नाबाद 21 रन जड़े.
वेस्टइंडीज ने 170 रन किए चेज
वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हराया. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 169 रन बनाए थे. श्रीलंका की ओर से तीसरे T20 में किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया. ड्यूनिथ वेलालागे ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए.
3 मैचों की T20 सीरीज का पहला मैच वेस्टइंडीज ने जीता था. दूसरे T20 में श्रीलंका ने कमबैक किया मगर अब तीसरा T20 जीत वेस्टइंडीज ने सीरीज अपने नाम कर ली है.

