CRIME NEWS:प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! होटल के कमरे में प्रेमिका का गला काटकर हत्या फिर प्रेमी ने भी की आत्महत्या की कोशिश - vedantsamachar.in

CRIME NEWS:प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! होटल के कमरे में प्रेमिका का गला काटकर हत्या फिर प्रेमी ने भी की आत्महत्या की कोशिश

गांधीनगर/शिवपुरी,15 जून। मध्य प्रदेश के एक प्रेमी जोड़े की प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक और खौफनाक तरीके से हुआ। गुजरात के गांधीनगर स्थित एक होटल के कमरे में 21 वर्षीय युवती रजनी धाकड़ की उसके प्रेमी संतोष जाटव ने कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी ने उसी चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की। गंभीर रूप से घायल संतोष का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिपरसमा गांव निवासी रजनी और संतोष पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। संतोष पेशे से बिल्डर था और रजनी के पिता के नए मकान का निर्माण कर रहा था।

इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। परिवार के विरोध की आशंका के चलते दोनों 7 जून को घर छोड़कर गुजरात के राजकोट पहुंच गए थे, जहां वे नया जीवन शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इधर, रजनी के लापता होने पर उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तलाश के बाद 11 जून को राजकोट में दोनों का पता चल गया। परिवार के लोग और मध्य प्रदेश पुलिस दोनों को वापस गांव ले जाने के लिए रवाना हुए। लंबी यात्रा के दौरान रात में सभी लोग गांधीनगर हाईवे स्थित एक होटल में रुके और कमरा बुक कर आराम करने लगे। बताया जा रहा है कि रात में सभी लोग सो गए, लेकिन संतोष जागता रहा। देर रात उसने अपने पास मौजूद चाकू से सो रही रजनी का गला काट दिया। युवती की मौत के बाद उसने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।

रात करीब ढाई बजे जब कमरे में मौजूद पुलिसकर्मी और परिजनों की नींद खुली तो सामने का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। रजनी खून से लथपथ संतोष की गोद में पड़ी थी, जबकि संतोष के गले से भी खून बह रहा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष को गंभीर हालत में अहमदाबाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गांव लौटने के बाद प्रेमिका से अलग होने के डर और भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना के चलते संतोष ने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या के प्रयास के इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।