उज्जैन। श्रावण-भादौ मास में 3 अगस्त से निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की साप्ताहिक सवारी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल संचालन व्यवस्था में बदलाव किया है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए सवारी वाले प्रत्येक सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके बदले संबंधित स्कूलों में रविवार को नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचते हैं। इसी दिन शाम को भगवान महाकाल की सवारी भी निकलती है, जिससे शहर में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी सूचित कर दिया गया है कि अब सोमवार के स्थान पर रविवार को स्कूल संचालित होंगे। सोमवार को अवकाश रहेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, क्योंकि रविवार को कक्षाएं लगने से शैक्षणिक कार्य नियमित रूप से चलता रहेगा। साथ ही, विद्यार्थियों और उनके परिजनों को भगवान महाकाल के दर्शन एवं सवारी में शामिल होने का भी अवसर मिलेगा। यह व्यवस्था श्रावण-भादौ मास में भगवान महाकाल की साप्ताहिक सवारियों की अवधि तक प्रभावी रहेगी।

