अवैध शौचालय निर्माण को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग – vedantsamachar.in

अवैध शौचालय निर्माण को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

सारंगढ़-बिलाईगढ़ 7 मई 2026। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत हिच्छा में कथित अवैध शौचालय निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने शासकीय भूमि और सार्वजनिक रास्ते के पास शौचालय का गड्ढा खोदे जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के शासकीय शिक्षक बुधराम पटेल द्वारा सीसी रोड किनारे और गली-मोहल्ले के बीच शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा है। इससे आसपास के लोगों में गंदगी, प्रदूषण और आवागमन में बाधा की आशंका बढ़ गई है।
मामले को लेकर गांव के सरपंच, पंच और मोहल्लेवासियों ने पंचायत, पटवारी, तहसीलदार और थाना में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि के समीप इस प्रकार का निर्माण भविष्य में बड़े विवाद का कारण बन सकता है।

बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया है। वहीं तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप लगाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी करवाई पर टिकी है।