बलौदाबाजार, 5 अगस्त 2026/कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित जिला फाइनेंस लैब जिले में आर्थिक एवं वित्तीय साक्षरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। विभिन्न वर्गों के लोगों को वित्तीय विषयों की व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बुधवार को पलारी विकासखंड के 60 विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, किसानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला फाइनेंस लैब का भ्रमण किया।
इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, शेयर मार्केट में सुरक्षित निवेश के मूल सिद्धांत, तथा ट्रेडिंग की प्रारंभिक जानकारी सरल और व्यवहारिक तरीके से दी गई। साथ ही डिजिटल वित्तीय लेन-देन में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जिले में अर्थशाला के माध्यम से प्रत्येक दिन अलग-अलग वर्गों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के स्कूली विद्यार्थियों, मंगलवार को महिला स्व-सहायता समूहों, बुधवार को किसानों तथा गुरुवार को महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, निवेश, साइबर सुरक्षा और डिजिटल वित्तीय साक्षरता से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। जिला प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना तथा निवेश और वित्तीय निर्णयों के प्रति सही जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मविश्वासी बन सकें।

