Morena Train Accident: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बड़ा रेल हादसा हो गया। जिसमें पांच से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। बताते हैं, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में कई यात्री आ गए। यह हादसा हेतमपुर स्टेशन के पास हुआ।
उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन के हेतमपुर स्टेशन के समीप पहुंचते ही किसी ने आग लगने की अफवाह फैला दी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घबराहट में कई यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। उसी समय धौलपुर की ओर से मुरैना आ रही पातालकोट एक्सप्रेस मुख्य ट्रैक से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। कई अन्य यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

