कोरबा में जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से किया था वार - vedantsamachar.in

कोरबा में जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से किया था वार

कोरबा, 07 जून 2026 (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी प्रकाश सिंह ने पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र प्रदीप दास 4 जून की शाम करीब 6:40 बजे मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान रामनगर निवासी ईश्वर बंजारे वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान ईश्वर बंजारे ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे धारदार कटरनुमा हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 493/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया। बाद में मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण में धारा 118(1) भी जोड़ी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 6 जून को आरोपी ईश्वर बंजारे (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपी की संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित सफलता माना जा रहा है। कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।