सड़क सुरक्षा मितानों को राहवीर योजना और गोल्डन ऑवर की दी गई जानकारी, जांजगीर-चांपा पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान - vedantsamachar.in

सड़क सुरक्षा मितानों को राहवीर योजना और गोल्डन ऑवर की दी गई जानकारी, जांजगीर-चांपा पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा, 07 जून 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के आठ थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा मितानों की बैठक लेकर उन्हें सड़क सुरक्षा, दुर्घटना सहायता और केंद्र सरकार की राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान थाना जांजगीर के ग्राम धूरकोट, बलौदा थाना क्षेत्र के चारपारा, बम्हनीडीह के पिपरदा, पामगढ़ के सहसा, बिर्रा के करही, नवागढ़ के केरा तथा मुलमुला के कोसा गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा मितानों की विशेष बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना के समय त्वरित सहायता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

बैठक में सड़क सुरक्षा मितानों को भारत सरकार की राहवीर योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद करता है तो उसे सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है।

पुलिस अधिकारियों ने बैठक में “गोल्डन ऑवर” की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी गोल्डन ऑवर सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसलिए दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों को बिना देरी किए घायलों की मदद करनी चाहिए और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

पुलिस ने सड़क सुरक्षा मितानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। साथ ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित करें।

इसी क्रम में थाना पामगढ़ पुलिस ने ग्राम भुईगांव के साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी। व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, सुरक्षा उपाय अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।