बेमेतरा, 07 जून 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 और 6 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना और यातायात इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 43 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से कुल 15 हजार 800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू और डीएसपी शशिकला उईके के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात पुलिस की टीमों ने यह विशेष अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार में वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने तथा सड़क पर घातक तरीके से वाहन खड़ा करने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना बेरला क्षेत्र में 1 वाहन चालक, चौकी मारो क्षेत्र में 10 वाहन चालक तथा यातायात शाखा बेमेतरा द्वारा 32 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए। इस प्रकार कुल 43 प्रकरण दर्ज कर जुर्माना वसूला गया।
बेमेतरा पुलिस ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
पुलिस ने वाहन चालकों को यह भी सलाह दी है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और वाहन जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

