जगदलपुर, 22 जुलाई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए संजय मार्केट पार्किंग से चोरी हुई करीब 12 लाख रुपये कीमत की अशोक लीलैंड पिकअप वाहन को बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपी करन नाग उर्फ लक्की नाग (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी मूल रूप से कोंडागांव जिले का निवासी है और चोरी किए गए वाहन का पूर्व चालक भी रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 20 जुलाई की रात संजय मार्केट पार्किंग से चोरी हुई अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक CG17LC6937 की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। इस कार्रवाई का मार्गदर्शन एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने किया, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के बाद पुलिस टीम ने संजय मार्केट सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को वाहन चोरी में संलिप्त व्यक्ति की पहचान करन नाग उर्फ लक्की नाग के रूप में हुई, जो पहले इसी पिकअप वाहन का चालक रह चुका था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने चोरी किए गए वाहन को पल्ली नाका के पास छिपाकर रखा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर चोरी की गई अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक CG17LC6937 बरामद कर ली गई।
बरामद वाहन की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने विधिवत जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी करन नाग उर्फ लक्की नाग के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक राजू टोप्पो, विनोद चांदने तथा आरक्षक सोनू गौतम, कृष्णा नेताम और राजू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

