भिलाई उपकेंद्र की क्षमता बढ़ी, रायपुर-दुर्ग समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ - vedantsamachar.in

भिलाई उपकेंद्र की क्षमता बढ़ी, रायपुर-दुर्ग समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ

रायपुर, 07 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीटीसीएल) ने प्रदेश की विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भिलाई स्थित 220/132 केवी उपकेंद्र की क्षमता में वृद्धि की है। उपकेंद्र में स्थापित 160 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफॉर्मर को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है, जिससे राजधानी रायपुर सहित दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय एवं सुचारू हो सकेगी।

सीएसपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर नए पावर ट्रांसफॉर्मर का विधिवत ऊर्जीकरण किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि कंपनी राज्य की विद्युत पारेषण प्रणाली को आधुनिक, मजबूत और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि योजना के तहत पहले से स्थापित 125 एमवीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर को अपग्रेड कर 160 एमवीए क्षमता का बनाया गया है। इस क्षमता विस्तार से भिलाई एवं आसपास के औद्योगिक, व्यावसायिक और घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली उपलब्ध होगी तथा बढ़ती मांग को पूरा करने में आसानी होगी।

इस परियोजना के पूर्ण होने से रायपुर, दुर्ग, भिलाई, गुरूर, बालोद और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती बिजली मांग की पूर्ति के लिए पारेषण नेटवर्क को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। साथ ही विद्युत तंत्र की विश्वसनीयता बढ़ेगी, वोल्टेज प्रोफाइल में सुधार होगा और ट्रांसमिशन सिस्टम पर भार का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे ओवरलोडिंग की संभावनाएं भी कम होंगी और बिजली आपूर्ति में आने वाली तकनीकी बाधाओं में कमी आएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों और शहरी विस्तार को देखते हुए इस तरह की क्षमता वृद्धि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह परियोजना आने वाले वर्षों में क्षेत्र की औद्योगिक और शहरी विकास योजनाओं के लिए मजबूत विद्युत अधोसंरचना उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता (सब-स्टेशन) अब्राहम वर्गीज, मुख्य अभियंता (सिविल) संजय तिवारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. तिवारी सहित सीएसपीटीसीएल एवं सीएसपीडीसीएल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।