संजय जमुआर बने दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के पहले सीईओ… – vedantsamachar.in

संजय जमुआर बने दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के पहले सीईओ…

नई दिल्ली, 26 अप्रैल । दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एक अहम कदम उठाते हुए दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में संजय जमुआर की नियुक्ति की है। डीएमआईएल को सरकार के सहयोग से इस उद्देश्य के लिए स्थापित किया गया है कि वह दिल्ली के बाहर भारत के अन्य शहरों और विदेशों में मेट्रो परियोजनाओं तथा संचालन एवं रखरखाव (ओ एंड एम) के कार्यों को संभाल सके। डीएमआईएल का मुख्य काम मेट्रो और ट्रांजिट सिस्टम से जुड़ी परियोजनाओं के लिए सलाहकार सेवाएं देना होगा। यह संस्था विभिन्न एजेंसियों और वित्तीय संस्थानों को लंबे समय की योजनाएं तैयार करने, सुधार करने और नई परियोजनाओं को विकसित करने में मदद करेगी। इसके लिए डीएमआईएल, डीएमआरसी के वर्षों के अनुभव और विशेषज्ञता का पूरा लाभ उठाएगी।

डीएमआरसी पहले ही देश के कई शहरों में मेट्रो सिस्टम के विकास में अहम भूमिका निभा चुका है और अब डीएमआईएल के जरिए अपने काम का दायरा और भी बढ़ाने की तैयारी में है।

संजय जामुआर एक पूर्व आईआरटीएस अधिकारी हैं और उनके पास भारतीय रेलवे, डीएमआरसी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, मध्य पूर्व और यूरोप में काम करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने यूके के वारविक बिजनेस स्कूल से स्ट्रैटजिक लीडरशिप में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है और लीड्स यूनिवर्सिटी में ट्रांसपोर्ट इकोनॉमिक्स पर रिसर्च भी की है।

दिलचस्प बात यह है कि जब उन्होंने 1998 में डीएमआरसी जॉइन किया था, तब वे पहले ओएंडएम (संचालन और रखरखाव) कर्मचारी थे। ऐसे में अब उनकी वापसी को ‘घर वापसी’ की तरह देखा जा रहा है।

वर्तमान में डीएमआरसी बांग्लादेश के ढाका मेट्रो प्रोजेक्ट में कंसल्टेंट के तौर पर जुड़ा हुआ है। इसके अलावा चेन्नई, मुंबई और पटना मेट्रो परियोजनाओं के ओएंडएम कॉन्ट्रैक्ट भी संभाल रहा है। डीएमआरसी ने मुंबई, जयपुर और पटना में मेट्रो निर्माण कार्य भी किए हैं।

उम्मीद की जा रही है कि डीएमआईएल के गठन और नए नेतृत्व के साथ डीएमआरसी अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान और भी तेजी से बनाएगा।