- लंबे समय तक रहने वाला दर्द, गांठ या अन्य असामान्य बदलाव हो सकते हैं गंभीर बीमारी के संकेत; विशेषज्ञों ने समय पर स्क्रीनिंग की दी सलाह
कोलकाता। महिलाओं में पीठ दर्द एक आम समस्या मानी जाती है। अक्सर इसे थकान, गलत तरीके से बैठने या मांसपेशियों में खिंचाव का नतीजा समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। लेकिन अगर पीठ दर्द लंबे समय तक बना रहे और इसके साथ ब्रेस्ट में भी किसी तरह का बदलाव नजर आए, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
आरजी स्टोन यूरोलॉजी एंड लैप्रोस्कोपी हॉस्पिटल, कोलकाता की सीनियर कंसल्टेंट (ब्रेस्ट सर्जरी) डॉ. ताप्ती सेन ने बताया कि केवल पीठ दर्द होना आमतौर पर ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती लक्षण नहीं होता है। हालांकि, यदि दर्द लगातार बना रहता है और इसके साथ ब्रेस्ट में गांठ, निप्पल से किसी तरह का स्राव, त्वचा में बदलाव, गड्ढे पड़ना या बगल में सूजन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सामान्य पीठ दर्द आमतौर पर कुछ दिनों में आराम और सामान्य उपचार से ठीक हो जाता है। लेकिन अगर दर्द दो से तीन सप्ताह से अधिक समय तक बना रहे, रात के समय ज्यादा बढ़ जाए, बिना किसी कारण वजन कम हो रहा हो, अत्यधिक थकान महसूस हो, पैरों में कमजोरी या सुन्नपन जैसी समस्या हो तो यह जांच कराने का संकेत हो सकता है।
डॉ. सेन ने महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि कई बार महिलाएं शरीर में होने वाले छोटे बदलावों को नजरअंदाज कर देती हैं। ब्रेस्ट कैंसर हमेशा केवल बिना दर्द वाली गांठ के रूप में ही सामने नहीं आता। शरीर में कोई भी असामान्य बदलाव अगर लंबे समय तक बना रहे, तो विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर अब केवल अधिक उम्र की महिलाओं तक सीमित नहीं है। बदलती जीवनशैली और अन्य कारणों के चलते कम उम्र की महिलाओं में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में नियमित स्क्रीनिंग, समय-समय पर जांच और अपने शरीर में होने वाले बदलावों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बीमारी की पहचान जितनी जल्दी होती है, इलाज की संभावनाएं उतनी ही बेहतर होती हैं। इसलिए लंबे समय तक रहने वाले दर्द या ब्रेस्ट से जुड़े किसी भी असामान्य संकेत को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

