सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार और अन्य क्षेत्रों में खनिज विभाग की छापेमारी, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन पर कसा शिकंजा
कोरबा, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर अवैध खनिज परिवहन करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी में रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 टीपर, राताखार में गिट्टी परिवहन करते 2 हाइवा और रेत से भरा 1 टीपर, कुसमुंडा में ईंट परिवहन करते 2 ट्रैक्टर तथा कटघोरा में रेत परिवहन करते 1 ट्रैक्टर को पकड़ा गया।
जब्त सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना एवं खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

अवैध खनन पर लगातार जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, अवैध खनन पर नियंत्रण और शासकीय राजस्व की क्षति को रोकना है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

