सक्ति वेदांता प्लांट हादसा अपडेट : मौत का आंकड़ा 24 पहुंचा, एक और घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत

रायपुर, 19 अप्रैल(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता प्लांट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। रविवार सुबह रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक और गंभीर रूप से घायल मजदूर ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में कुल 36 मजदूर झुलसे थे, जिनमें से अब 12 का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।

घटना के बाद से ही प्रशासन और जांच एजेंसियां लगातार मामले की पड़ताल में जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में प्लांट के मेंटेनेंस में लापरवाही के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित 10 लोगों के खिलाफ डभरा थाने में एफआईआर दर्ज की है।

इस कार्रवाई को लेकर देश के जाने-माने उद्योगपति नवीन जिंदल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना पूरी जांच के किसी बड़े उद्योगपति का नाम एफआईआर में शामिल करना चिंता का विषय है। जिंदल का कहना है कि पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और ठोस सबूतों के आधार पर ही जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

हादसे की जांच में अब प्लांट के संचालन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी एनजीएसएल की भूमिका भी अहम हो गई है। एनजीएसएल, एनटीपीसी और जीई पावर इंडिया लिमिटेड का संयुक्त उपक्रम है, जिसमें दोनों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसे के पीछे तकनीकी खामी थी या मानवीय लापरवाही।

इधर, हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घायल मजदूरों के बेहतर इलाज के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। राज्य सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।