KORBA : बड़े भाई पर साधा निशाना, छोटे भाई को जा लगा तीर, हालत गंभीर - vedantsamachar.in

KORBA : बड़े भाई पर साधा निशाना, छोटे भाई को जा लगा तीर, हालत गंभीर

  • बांगो थाना क्षेत्र के सलिहाभाठ में धनुष-तीर से हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोरबा, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलिहाभाठ के पंटोरवा पारा में धनुष-तीर से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे डायल-112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम सलिहाभाठ निवासी शिव सिंह पोया (पिता- सम्मल पोया) ने धनुष से तीर चलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीर करीब 15 से 20 मीटर की दूरी से छोड़ा गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी का निशाना उसके बड़े भाई की ओर था, लेकिन तीर भटककर छोटे भाई को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के समय घायल युवक का बड़ा भाई और भाभी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल तीर चलाने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेना शुरू कर दिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

दुर्गम क्षेत्रों में आज भी सुरक्षा के लिए होता है धनुष-तीर का उपयोग

कोरबा जिले के पहाड़ी एवं दुर्गम इलाकों में रहने वाले विशेष संरक्षित जनजातीय समुदाय के बीच धनुष-तीर का उपयोग आज भी पारंपरिक सुरक्षा साधन के रूप में किया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार जंगली जानवरों और अन्य संभावित खतरों से बचाव के लिए इसका इस्तेमाल वर्षों से होता आ रहा है। कई मामलों में तीरों पर विषैले पदार्थ का भी उपयोग किए जाने की बात सामने आती रही है, जिससे ऐसे हमले जानलेवा साबित हो सकते हैं। हालांकि इस तरह की घटनाएं सामान्य नहीं हैं, लेकिन लापरवाही या आपसी विवाद के चलते धनुष-तीर का इस्तेमाल कई बार गंभीर परिणाम लेकर आता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।