कोंडागांव, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (आईपीएस) ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम रोशन किया है। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देशभर के अधिकारियों में टॉप-5 स्थान हासिल किया है।
6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से शामिल आईपीएस अधिकारियों का विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया गया। इसमें कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार, नेतृत्व क्षमता और एमसीक्यू परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया था। इन सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस और कोंडागांव जिले के लिए भी गौरव का विषय है। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी द्वारा दिया गया यह सम्मान उनकी प्रशासनिक दक्षता, रणनीतिक सोच और पुलिसिंग के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
प्रशिक्षण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपने प्रेजेंटेशन में कोंडागांव जिले की पहचान मानी जाने वाली केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन को विषय बनाया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक और प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उनके प्रेजेंटेशन में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई रणनीति को राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सराहा।
कोंडागांव जिले में पदस्थापना के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उनकी योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और टीम को साथ लेकर चलने की शैली ने जिले की पुलिसिंग को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में पुलिस विभाग ने कई अभियानों और जनहित से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
एसपी पंकज चंद्रा की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान एसपी पंकज चंद्रा की मेहनत, कुशल नेतृत्व और बेहतर पुलिसिंग का परिणाम है। उनके नेतृत्व में कोंडागांव पुलिस आगे भी जनहित और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।

