गुरु पूर्णिमा पर बनारी में होगा 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान, कलेक्टर जन्मेजय महोबे होंगे शामिल - vedantsamachar.in

गुरु पूर्णिमा पर बनारी में होगा 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान, कलेक्टर जन्मेजय महोबे होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जांजगीर-चांपा जिले के बनारी में 29 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट, बनारी और श्री श्याम वेयरहाउसिंग एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, बनारी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनारी परिसर में 500 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे (भा.प्र.से.) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजकों का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाते हुए जनभागीदारी को मजबूत करना है।

हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने जिलेवासियों, बनारी एवं आसपास के ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व नहीं है, बल्कि प्रकृति रूपी महागुरु के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का भी श्रेष्ठ अवसर है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है। पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी किया जाए।

अमर सुल्तानिया ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। हरिलीला चेरिटेबल ट्रस्ट लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देता रहा है। यह अभियान भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।

आयोजकों ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि सामूहिक प्रयासों से बनारी क्षेत्र को हरियाली से समृद्ध बनाया जा सकता है और यह अभियान जिले के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण साबित होगा।