कोरिया में खेत में धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 6 महिलाएं झुलसीं, 2 की हालत गंभीर - vedantsamachar.in

कोरिया में खेत में धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 6 महिलाएं झुलसीं, 2 की हालत गंभीर

बैकुंठपुर/कोरिया, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में धान की रोपाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम खरवत में शनिवार शाम खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 6 महिलाएं झुलस गईं, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मानसून की बारिश के बीच ग्राम खरवत के खेतों में दर्जनभर मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इनमें अधिकांश महिलाएं शामिल थीं। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बावजूद मजदूर खेत में काम करते रहे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए।

घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। बिजली गिरते ही कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े, जबकि छह महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। खेत में मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने बारिश के बीच तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को खेत से बाहर निकालकर जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में घायल मायावती (18), निवासी बांधपारा और संतोषी (28), निवासी खरवत जमनीपारा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं उषा पुरी (37), सुनैना राजवाड़े (17), लीलावती चक्रधारी (38) और खुशबू (16) का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बारिश के दौरान बिजली गिरने का अंदेशा नहीं था। अचानक तेज चमक और गर्जना के साथ बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे सभी लोग घबरा गए। ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें तत्काल उपचार मिल सका।

मानसून के मौसम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विशेषज्ञों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, पेड़ों के नीचे और खुले स्थानों पर काम करने से बचने की सलाह दी है।