रायपुर हाईवे पेट्रोलिंग बनी सड़क सुरक्षा की मजबूत कड़ी, छह माह में 52 घायलों की बचाई जान - vedantsamachar.in

रायपुर हाईवे पेट्रोलिंग बनी सड़क सुरक्षा की मजबूत कड़ी, छह माह में 52 घायलों की बचाई जान

रायपुर, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित राहत और बचाव कार्य के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट की हाईवे पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित हाईवे पेट्रोलिंग ने वर्ष 2026 के जनवरी से जून तक 55 सड़क दुर्घटनाओं में समय पर पहुंचकर 52 घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

यातायात पुलिस के अनुसार हाईवे पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचती है। टीम घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें निकटतम अस्पताल पहुंचाती है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के साथ मानवीय सेवा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

सिर्फ दुर्घटनाओं में राहत कार्य ही नहीं, बल्कि हाईवे पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी टीम लगातार अभियान चला रही है। जनवरी से जून 2026 के दौरान हाईवे से 6,359 अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया, जबकि 833 मवेशियों को सुरक्षित सड़क से हटाकर दुर्घटनाओं की आशंका कम की गई। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति बनने पर त्वरित कार्रवाई कर आवागमन सामान्य कराया गया।

सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जून 2026 में पुलिस मुख्यालय ने यातायात पुलिस रायपुर को चार नए आधुनिक हाईवे पेट्रोल वाहन उपलब्ध कराए हैं। अत्याधुनिक संसाधनों और आपातकालीन उपकरणों से लैस इन वाहनों के शामिल होने से दुर्घटना स्थल पर तेजी से पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

बेहतर निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर खारुन नदी पुल से महानदी पुल तक के मार्ग को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में हाईवे पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे गश्त कर रहे हैं। पहले सेक्टर में खारुन नदी पुल से पचपेड़ी नाका चौक तक (मोबाइल: 6232021308), दूसरे सेक्टर में पचपेड़ी नाका चौक से रिंग रोड-3 जंक्शन तक (7024123223), तीसरे सेक्टर में रिंग रोड-3 जंक्शन से लखोली टोल प्लाजा तक (7024123183) और चौथे सेक्टर में लखोली टोल प्लाजा से महानदी पुल तक (9479289588) हाईवे पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी तय की गई है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन सुरक्षित गति से चलाएं और किसी भी सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।