जगदलपुर, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने शहर में अलग-अलग इलाकों में घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक लेडीज पर्स और चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1.10 लाख बताई जा रही है। आरोपी मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के तितलागढ़ की रहने वाली है और वर्तमान में डिमरापाल अस्पताल के सामने बने एक खाली शेड में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को पथरागुड़ा क्षेत्र की एक महिला के घर से सुबह करीब 8 बजे एक लेडीज पर्स और सैमसंग मोबाइल फोन चोरी हो गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस ने फुटेज में एक महिला को दो बच्चों के साथ शहर में घूमते हुए देखा, जो संदिग्ध तरीके से अलग-अलग घरों के आसपास नजर आ रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।
पुलिस टीम ने आरोपी अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32 वर्ष), पति टेनू मोदी को डिमरापाल अस्पताल के सामने बने शेड से हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदातों को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी किए गए मोबाइल फोन और पर्स को इंद्रावती पुल के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद अन्य मोबाइल फोन भी शहर के अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लेडीज पर्स और पांच मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹1,10,000 आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रधान आरक्षक राजू टोप्पो, उमा भगत तथा आरक्षक रीना, पुनीता ठाकुर, संगीता ठाकुर और संगीता नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

