नई दिल्ली , 13 अप्रैल: Vaibhav Sooryavanshi: कहते हैं किसी चीज को पाने की भूख और प्यास मिटनी नहीं चाहिए. ये बरकरार रहेगी तो उसे मिटाने की जिद भी बनी रहेगी. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी उसी जिद को लिए मैदान पर उतरेंगे, ताकि 386 दिन की प्यास बुझा सकें. हैदराबाद के मैदान पर SRH और RR का जब आमना-सामना होगा तो पहली बार उसमें वैभव सूर्यवंशी की टक्कर दुनिया के नंबर एक T20 बल्लेबाज से भी होती दिखेगी. IPL की पिच पर ये भी पहली बार ही होगा जब वैभव सूर्यवंशी, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते दिखेंगे.
386 दिन की प्यास बुझाने उतरेंगे सूर्यवंशी
अब सवाल है कि वो प्यास किस चीज की है, जिसे वैभव सूर्यवंशी मिटाने का इरादा लिए हैं? उसके तार 386 दिन पहले यानी 23 मार्च 2025 को खेले मुकाबले से जाकर जुड़ते हैं. IPL 2025 में सनराइजर्स और राजस्थान की हुई वो इकलौती टक्कर थी. मुकाबला हैदराबाद में ही खेला गया था, जो रनों से भरा रहा था. दोनों टीमों ने मिलकर उस मैच में कुल 528 रन बनाए थे. सनराइजर्स ने पहले खेलते हुए 286 रन ठोके. जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की गाड़ी 242 रन पर ही रुक गई और उसे 44 रन से वो मुकाबला गंवाना पड़ा था.
वैभव सूर्यवंशी तो उस मुकाबले में नहीं खेले थे. मगर इस बार हैदराबाद की पिच राजस्थान का कवच बनकर वो खड़े होंगे. IPL 2026 में अब तक उनकी बल्लेबाजी की दहाड़ दुनिया देख चुकी है. ऑरेंज कैप उनके सिर सजा है. स्ट्राइक रेट में उनका कोई सानी नहीं है और छक्के बरसाने में भी वो पहले नंबर हैं. अब सोच सकते हैं कि 386 दिन की प्यास मिटाने को वैभव सूर्यवंशी कैसा धमाका कर सकते हैं?
वैभव सूर्यवंशी Vs वर्ल्ड नंबर 1 बल्लेबाज
सनराइजर्स और राजस्थान के मैच में वैभव सूर्यवंशी पहली बार T20I के नंबर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की चुनौती का भी सामना करेंगे. ये दोनों बल्लेबाज IPL की पिच पर पहली बार आमने-सामने होंगे. दोनों का खेल एक सा है, अंदाज एक सा है, दोनों से गेंदबाज कांपते हैं. ऐसे में इन दोनों के बीच के भिड़ंत का रोमांच महसूस किया जा सकता है.
वैभव और अभिषेक का आमना-सामना होने से लोगों को ये भी देखने का मौका मिलेगा, कि दोनों में किसका गेम कहां ठहरता है? किसमें पावर ज्यादा है और किसकी आक्रमकता गेंदबाजों पर भारी है? IPL 2026 में अभी तक दोनों ने 4-4 मैच खेले हैं. वैभव सूर्यवंशी उन 4 मैचों में 266.66 की स्ट्राइक रेट से पूरे 200 रन बनाए हैं. इसमें उनके अब तक जमाए सबसे ज्यादा 18 छक्के भी शामिल हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने 218.64 की स्ट्राइक रेट से 4 मैचों में 129 रन बनाए हैं, जिसमें 13 छक्के शामिल हैं.
SRH के खिलाफ भी खेलेंगे पहली बार
सीधे शब्दों में कहें तो वैभव सूर्यवंशी के लिए वर्ल्ड नंबर 1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और सनराइजर्स हैदराबाद, दोनों के खिलाफ खेलने का ये पहला मौका होगा. दोनों ही अपने तूफानी प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी अगर उनके खिलाफ अपने दबदबे की कहानी लिखते हैं तो फिर चित भी राजस्थान रॉयल्स की हो सकती है और पट भी.

