नई दिल्ली, 18 जुलाई : भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज इस समय 1-1 की रोमांचक बराबरी पर खड़ी है. सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाना है. इस मैच में टीम इंडिया के सामने एक ऐसा पुराना इतिहास बदलने की चुनौती होगी जो पिछले दो दशकों से भारतीय क्रिकेट के माथे पर एक कलंक की तरह लगा हुआ है. दरअसल, भारतीय टीम को अगर इंग्लैंड की धरती पर इस वनडे सीरीज पर कब्जा जमाना है, तो उसे लॉर्ड्स के मैदान पर 22 साल पुराना सूखा खत्म करना होगा.
होम ऑफ क्रिकेट पर 22 साल से तरस रही है टीम इंडिया
लॉर्ड्स का मैदान भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए 1983 के वर्ल्ड कप की खिताबी जीत और 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल जैसी सुनहरी यादों के लिए जाना जाता है. लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि साल 2004 के बाद से टीम इंडिया इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ एक भी वनडे मुकाबला जीतने में कामयाब नहीं हो सकी है. लॉर्ड्स के मैदान पर भारत ने अपनी आखिरी वनडे जीत 5 सितंबर 2004 को दर्ज की थी, जब सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 23 रनों से शिकस्त दी थी. उस ऐतिहासिक जीत के बाद से पूरे 22 साल बीत चुके हैं, लेकिन टीम इंडिया यहां दोबारा जीत का स्वाद नहीं चख पाई है.
पिछले 4 मुकाबलों की दर्दनाक दास्तां
लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए पिछले चार वनडे मैचों में भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है, जो टीम इंडिया की चिंता को बढ़ाने के लिए काफी है. 2007 में इंग्लैंड ने भारत को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. वहीं, 2011 में दोनों टीमों के बीच खेला गया मुकाबला रोमांचक मोड़ पर टाई रहा था. फिर 2018 में मेजबान इंग्लैंड की टीम ने भारतीय बल्लेबाजी को घुटने टेकने पर मजबूर करते हुए 86 रनों के बड़े अंतर से मैच जीता था. पिछली बार 2022 में इस मैदान पर खेले गए आखिरी मुकाबले में भी भारतीय टीम को 100 रनों की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था.
गिल ब्रिगेड के पास इतिहास बदलने का सुनहरा मौका
आंकड़े गवाह हैं कि लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड की टीम हमेशा से भारत पर हावी रही है. ऐसे में कप्तान शुभमन गिल के सामने आखिरी वनडे मुकाबले में इस 22 साल पुराने सूखे को खत्म करना एक बहुत बड़ी चुनौती होगी. अगर भारतीय टीम को रविवार को सीरीज की ट्रॉफी अपने हाथों में उठानी है, तो बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को लॉर्ड्स के इस अभेद्य किले को भेदने के लिए अपना बेस्ट प्रदर्शन करना होगा.

