ड्रग्स पार्टी में हुआ था गिरफ्तार, अब मिली वर्ल्ड कप फाइनल की कमान, FIFA का बड़ा फैसला - vedantsamachar.in

ड्रग्स पार्टी में हुआ था गिरफ्तार, अब मिली वर्ल्ड कप फाइनल की कमान, FIFA का बड़ा फैसला

नई दिल्ली,17 जुलाई : फुटबॉल वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले से ठीक पहले फीफा (FIFA) ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने खेल जगत को हैरान कर दिया है. रविवार को मेटलाइफ स्टेडियम में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले महामुकाबले के लिए स्लोवेनिया के रेफरी स्लाव्को विंसिक को मेन रेफरी नियुक्त किया गया है. यह फैसला इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि करीब छह साल पहले विंसिक को ड्रग्स और प्रॉस्टिट्यूशन रैकेट के सिलसिले में एक सेक्स पार्टी पर मारे गए छापे के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया था.

FIFA ने इन दिग्गजों को दी बड़ी जिम्मेदारी
इस हाई-प्रोफाइल मैच में स्लाव्को विंसिक के साथ उनके हमवतन तोमाज क्लैनक्निक और एंड्राज कोवाचिक असिस्टेंट रेफरी की भूमिका निभाएंगे. वहीं, जॉर्डन के अधम मखदमेह चौथे अधिकारी होंगे. दूसरी तरफ, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी इस टूर्नामेंट के दौरान अधिकारियों पर लगे पक्षपात के आरोपों के बीच लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे.

क्या था साल 2020 का वो पूरा विवाद?
यह पूरा मामला मई 2020 का है, जब बोस्निया और हर्जेगोविना के बिजेलजिना शहर में पुलिस ने एक सीक्रेट छापे के दौरान स्लाव्को विंसिक को हिरासत में लिया था. पुलिस को शक था कि उस पार्टी का आयोजन एक प्रॉस्टिट्यूशन रैकेट की सरगना तिजाना माक्सिमोविच की ओर से किया जा रहा था, जिसने बाद में अगले साल इंटरनेशनल लेवल पर प्रॉस्टिट्यूशन को बढ़ावा देने का जुर्म भी कबूल कर लिया था.

उस छापेमारी के दौरान पुलिस ने 26 पुरुषों और 9 महिलाओं को पकड़ा था. साथ ही मौके से भारी मात्रा में कोकीन के पैकेट, 10 पिस्तौल, 3 सुरक्षात्मक जैकेट और 10,000 यूरो से ज्यादा की नकदी बरामद की गई थी. हालांकि, स्लाव्को विंसिक पर इस रैकेट में सीधे शामिल होने का कोई आरोप नहीं था और पुलिस ने उन्हें सिर्फ एक गवाह के रूप में पूछताछ करने के बाद रिहा कर दिया था. इस घटना के बाद स्लोवेनियाई मीडिया से बात करते हुए विंसिक ने अपनी सफाई में कहा था कि वे उस समूह को बिल्कुल नहीं जानते थे. स्लोवेनिया के फुटबॉल रेफरी एसोसिएशन के अध्यक्ष व्लादो साजन ने भी अपने रेफरी का बचाव करते हुए कहा था कि विंसिक गलत समय पर गलत जगह मौजूद थे.

मेसी और अर्जेंटीना के साथ पुराना है नाता
स्लाव्को विंसिक एक अनुभवी रेफरी हैं, जिन्होंने साल 2024 में रियल मैड्रिड और बोरूसिया डॉर्टमुंड के बीच खेले गए चैंपियंस लीग फाइनल में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी. अर्जेंटीना की टीम के साथ उनका पुराना इतिहास रहा है. उन्होंने साल 2022 के वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के सिर्फ एक मैच में अंपायरिंग की थी, जहां मेसी की टीम को सऊदी अरब के हाथों एक चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा था. इस मौजूदा समर सीजन में भी वे तीन बड़े मुकाबले इक्वाडोर पर मैक्सिको की जीत, ब्राजील और मोरक्को के बीच ड्रॉ, और जॉर्डन के खिलाफ अल्जीरिया की जीत में अंपायरिंग कर चुके हैं.