FIFA World Cup Final: टूटे सारे रिकॉर्ड, इतने लाख में मिल रहा मेसी vs स्पेन फाइनल मैच का टिकट - vedantsamachar.in

FIFA World Cup Final: टूटे सारे रिकॉर्ड, इतने लाख में मिल रहा मेसी vs स्पेन फाइनल मैच का टिकट

नई दिल्ली, 18 जुलाई : लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना और युवा सितारों से सजी स्पेन की टीम के बीच होने वाले फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले को लेकर फैंस की दीवानगी सातवें आसमान पर पहुंच चुकी है. 20 जुलाई को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले इस फाइनल मैच ने अमेरिका में टिकट रीसेल के इतिहास के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. भारतीय समयानुसार यह महामुकाबला रात 12:30 बजे शुरू होगा.

महामुकाबले ने तोड़े टिकट बिक्री के सारे रिकॉर्ड
टिकट रीसेल मार्केटप्लेस ‘टिकपिक’ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस महामुकाबले के लिए फैंस पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं, जिसके कारण यह अमेरिकी खेल इतिहास का अब तक का सबसे महंगा इवेंट बन गया है. टिकपिक के मुताबिक, इस ऐतिहासिक फाइनल मैच को देखने के लिए खरीदारों ने औसतन 11,327 डॉलर (लगभग 11 लाख रुपए) प्रति टिकट का भुगतान किया है. यह अमेरिकी खेल इतिहास में किसी भी खेल आयोजन के लिए रिकॉर्ड की गई अब तक की सबसे ज्याद औसत खरीद कीमत है.

इस फुटबॉल मैच ने अमेरिका के सबसे लोकप्रिय खेल इवेंट ‘सुपर बाउल LVIII’ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है, जहां टिकटों की औसत कीमत 9,411 डॉलर (लगभग 9 लाख रुपए) दर्ज की गई थी.

सबसे सस्ता टिकट भी होश उड़ाने वाला
फुटबॉल के इस महाकुंभ को स्टेडियम में बैठकर देखने की चाह रखने वालों की जेब पर यह मैच कितना भारी पड़ रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टिकपिक पर लिस्टेड सबसे सस्ता टिकट भी 6,943 डॉलर (लगभग 6.7 लाख रुपए) का था. इतनी भारी-भरकम कीमतों के बावजूद टिकटों की मांग में कोई कमी नहीं आ रही है.

दुनिया भर के फुटबॉल फैंस इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए मेटलाइफ स्टेडियम पहुंचने को बेताब हैं, जहां एक तरफ स्पेन अपनी बादशाहत कायम करना चाहेगा, वहीं दूसरी तरफ मेसी लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतकर अपने सुनहरे करियर को एक और यादगार अंत देना चाहेंगे.