कोरबा,20 जुलाई (वेदांत समाचार)। राज्य शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साडा कोरबा की छात्राओं ने सोमवार को जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक, इंदिरा विहार कॉलोनी सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर तथा नारों के माध्यम से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी चितरंजन राजवाड़े तथा यातायात शाखा के एसआई मनोज राठौर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की वरिष्ठ व्याख्याता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की कार्यक्रम अधिकारी सविता पाठक सहित सुनीला सिंह, रेणुका नायक, उर्मिला राठौर, प्रेमलता साहू, शारदा राठौर, गरिमा थवाईत, स्वप्निल पांडे, कपिल सवैये, राज नारायण सिंह, विवेक बंजारे तथा विद्यालय के कर्मचारी विनय साहू, अमित कंवर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सक्रिय सहयोग रहा।

