रायपुर, 20 जुलाई। प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Yojana) के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। योजना के तहत राजनांदगांव जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में क्रियान्वयन के मामले में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। हजारों परिवार अब सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी कर रहे हैं और बिजली बिल में बड़ी बचत कर रहे हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 8,256 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,120 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि अन्य आवेदनों में दस्तावेज सत्यापन और स्थापना की प्रक्रिया जारी है।
योजना के तहत 3,205 हितग्राहियों को सरकारी सब्सिडी मिल चुकी है। वहीं 1,155 परिवारों का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। कई उपभोक्ता अपनी जरूरत से अधिक बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भेज रहे हैं, जिससे वे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे रहे हैं।
योजना की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए जिले की सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘पीएम सूर्य सभा’ आयोजित की जा रही है। इन सभाओं में पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सब्सिडी और रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मौके पर ही आवेदन भी लिए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली खर्च कम करना, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना और देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। राजनांदगांव की उपलब्धि इस दिशा में प्रभावी जनजागरूकता और समयबद्ध क्रियान्वयन का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है।

