बरगाही में कपड़ा दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए - vedantsamachar.in

बरगाही में कपड़ा दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

राजनांदगांव,20 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले की सुकुलदैहान पुलिस चौकी ने ग्राम बरगाही स्थित एक कपड़ा दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को ग्राम डीलापहरी निवासी शिव कुमार मंडावी ने ग्राम बरगाही स्थित अपनी कपड़ा दुकान में चोरी होने की शिकायत सुकुलदैहान चौकी में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस चौकी सुकुलदैहान और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम उर्फ लक्की देवांगन (19 वर्ष) निवासी ग्राम बरगाही, हाल निवासी शांतिनगर, चिखली तथा योगेश यादव उर्फ दाव (19 वर्ष) निवासी शांतिनगर, चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है।

पूरे मामले की जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक विनय पम्मार, संतोष जायसवाल, प्रधान आरक्षक चंद्रभूषण सिन्हा तथा आरक्षक अजय जोशी, अश्वनी कुर्रे, मनोज खुटे, मनीष वर्मा, जीवन ठाकुर और टीकाराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।